महराजगंज: थाना क्षेत्र के मुजुरी कस्बे के पास तीन अलग-अलग मार्ग दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। पांच बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल महराजगंज व गोरखपुर भेजा गया।
पहली घटना मुजुरी क़स्बे के पश्चिम अमहवा पुल के पास बुधवार की रात आठ बजे हुई। तेज रफ्तार बाइक सवार ने खाना खाकर टहल रहे सतगुरु निवासी 22 वर्षीय निखिल को ठोकर मार दिया। इससे निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए परिजन गोरखपुर ले जा रहे थे, पर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस मामले में निखिल के दादा मंगरू ने पनियरा थाना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया। पनियरा पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला अस्पताल के मोर्चरी में भेज दिया।
दूसरी घटना कुआचांप में हुई। आरामशीन के पास दो बाइक में टक्कर हो गई। इस घटना में पहली बाइक पर सवार कुआचांप निवासी नसीब व उसकी पत्नी एवं दूसरा बाइक चालक गिरगिटियां निवासी 25 वर्षीय विनोद पुत्र श्याम बहादुर घायल हो गया। विनोद को इलाज के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं नसीब व उसकी पत्नी का गोरखपुर में एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है।
तीसरी घटना आरामशीन के पास बाइक पर बैठे मौलागंज निवासी इकरार खान को एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों घायल हो गए। जिनका इलाज मुजुरी में ही प्राइवेट चिकित्सक के यहां हुआ। दोनों को हल्की चोटें आई हैं। इस मामले में पनियरा थाना के प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर जांच-पड़ताल की जाएगी।