मणिपुर: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों और उपद्रवियों के खिलाफ एक बहुत बड़ा और चौतरफा अभियान (Anti-Terror Operations) चलाया है। सुरक्षा बलों ने पिछले 48 घंटों में अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर तीन संदिग्ध उग्रवादियों को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है।
इसके साथ ही उग्रवादियों के ठिकानों को नेस्तनाबूद करते हुए सुरक्षा बलों ने उनके कुल 26 रणनीतिक बंकरों को पूरी तरह से नष्ट (ब्लास्ट) कर दिया है। पुलिस मुख्यालय ने बुधवार (17 जून 2026) को इस पूरे सफल ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी साझा की है।
वहीं मंगलवार को एक और अभियान में सुरक्षा बलों ने इम्फाल पूर्व जिले से 36 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से .22 कैलिबर की एक रिवॉल्वर और .22 बोर के नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गये। सुरक्षा बलों ने उखरुल जिले में उग्रवाद-विरोधी अभियान जारी रखा और दो दिनों में कुल 26 बंकर नष्ट कर दिये हैं।
सुरक्षा बलों ने सोमवार को लिटन थाना क्षेत्र में बारह बंकर नष्ट किए गये जिनमें शंकाई-मोंगकोट चेपु गांवों की पहाड़ी पट्टी पर स्थित दो बंकर और लीनगांगचिंग-सिकिबंग गांव की पहाड़ी पट्टी पर स्थित दस बंकर शामिल थे। अभियान के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने एक दूरबीन, अलग-अलग हथियारों के 21 खाली खोखे और एसबीबीएल गोला-बारूद के आठ जिंदा कारतूस बरामद किए।
इसके अलावा सुरक्षा बलों ने मंगलवार को चौदह और बंकर नष्ट किए जिनमें मोंगकोट चेपु-पाटलिजांग पहाड़ी पट्टी पर पांच बंकर और लुंगफू जंक्शन-इंडस्ट्रियल एस्टेट सेंटर पहाड़ी पट्टी पर नौ बंकर शामिल थे। पहली जगह से 5.56 एमएम गोला-बारूद के दो खाली खोखे बरामद किए गए।