न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग 11 का ऐलान, जोफ्रा आर्चर की वापसी

इंग्लैंड ने 17 जून से द ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए अपनी प्लेइंग XI की घोषणा कर दी है। टीम में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की वापसी हुई है, जबकि जॉर्डन कॉक्स और सॉनी बेकर को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है। नियमित कप्तान बेन स्टोक्स की गैरमौजूदगी में अनुभवी बल्लेबाज जो रूट टीम की कमान संभालेंगे।

टीम में कई नए चेहरे शामिल

इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट के लिए टीम में कई बदलाव किए हैं। तेज गेंदबाज मैट फिशर चार साल बाद टेस्ट टीम में लौटे हैं। वहीं जोफ्रा आर्चर को वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण पहला टेस्ट नहीं खिलाया गया था, लेकिन अब वह वापसी कर चुके हैं। जॉर्डन कॉक्स और सॉनी बेकर पहली बार टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ओली रॉबिन्सन चोटिल, बशीर भी बाहर

इंग्लैंड को तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन के रूप में बड़ा झटका लगा है। पहले टेस्ट में अहम भूमिका निभाने वाले रॉबिन्सन दाहिने घुटने में दर्द के कारण दूसरे मुकाबले से बाहर हो गए हैं। वहीं ओवल की सीम गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियों को देखते हुए स्पिनर शोएब बशीर को भी प्लेइंग XI में जगह नहीं मिली है।

जो रूट पर होंगी कप्तानी और बल्लेबाजी की जिम्मेदारी

साल 2026 में टेस्ट क्रिकेट में जो रूट का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट में 160 रन की शानदार पारी के बाद उनका बल्ला शांत रहा। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में उन्होंने केवल 1 और 8 रन बनाए थे, जिसके चलते उन्हें टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 स्थान भी गंवाना पड़ा। ऐसे में दूसरे टेस्ट में कप्तान के रूप में उन पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।

इंग्लैंड की प्लेइंग 11

जो रूट (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, सॉनी बेकर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैट फिशर, एमिलियो गे, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टंग।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *