स्पोर्ट्स डेस्क : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारत की एथलेटिक्स टीम का ऐलान कर दिया गया है। 22 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में होने वाले खेलों के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) ने 32 सदस्यीय भारतीय दल की घोषणा की है, जिसमें 22 पुरुष और 10 महिला एथलीट शामिल हैं।
नीरज चोपड़ा करेंगे भारतीय चुनौती की अगुआई
भारतीय टीम की सबसे बड़ी उम्मीद दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा होंगे। उनके अलावा स्प्रिंटर अनीमेष कुजूर, गुरिंदरवीर सिंह और हाल ही में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने वाले तेजस शिर्से भी टीम का हिस्सा हैं।
110 मीटर बाधा दौड़ में तेजस शिर्से ने शनिवार को इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-9 में 13.27 सेकंड का समय निकालकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें कॉमनवेल्थ गेम्स टीम में चयन के रूप में मिला।
पुरुष वर्ग में कई बड़े नाम शामिल
पुरुष टीम में गुरिंदरवीर सिंह (100 मीटर), अनीमेष कुजूर (200 मीटर), गुलवीर सिंह (5000 और 10000 मीटर), तेजस शिर्से (110 मीटर हर्डल्स), यशस पी और संतोष कुमार तमिलारासन (400 मीटर हर्डल्स) शामिल हैं।
फील्ड इवेंट्स में सर्वेश कुशारे और आदर्श राम (हाई जंप), देव मीणा और कुलदीप कुमार (पोल वॉल्ट), एम. श्रीशंकर और लोकेश सत्यनाथन (लॉन्ग जंप), प्रवीण चित्रावेल और सेल्वा प्रभु (ट्रिपल जंप), समरदीप सिंह गिल और तजिंदरपाल सिंह तूर (शॉट पुट) को जगह मिली है।
भाला फेंक में नीरज चोपड़ा के साथ रोहित यादव और यशवीर सिंह भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं तेजस्विन शंकर डेकाथलॉन और हाई जंप दोनों स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे।
महिला टीम में पारुल चौधरी पर रहेंगी निगाहें
महिला वर्ग में पारुल चौधरी को 3000 मीटर स्टीपलचेज और 5000 मीटर दौड़ के लिए चुना गया है। इसके अलावा पूजा (हाई जंप), मनप्रीत कौर (शॉट पुट), सीमा और निधि रानी (डिस्कस थ्रो) तथा रवीना और प्रियंका (10000 मीटर रेस वॉक) टीम का हिस्सा हैं।
4×400 मीटर रिले टीम में अंसा बाबू, रशदीप कौर और नीरू पाठक को शामिल किया गया है। भारतीय महिला दल से भी पदकों की अच्छी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।
ग्लास्गो में पदकों की उम्मीद
भारतीय एथलेटिक्स दल में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण देखने को मिल रहा है। नीरज चोपड़ा, तेजस्विन शंकर, एम. श्रीशंकर और पारुल चौधरी जैसे खिलाड़ियों से भारत को पदक जीतने की बड़ी उम्मीद होगी। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 भारतीय एथलेटिक्स के लिए अपनी ताकत दिखाने का एक बड़ा मंच साबित हो सकता है।