Ram Mandir Ayodhya Inauguration LIVE: अयोध्या पहुंचने लगे अतिथि, प्राण प्रतिष्ठा के लिए सुरक्षा सख्त

LIVE Ram Mandir Ayodhya Inauguration, Pran Pratishtha Samaroh, Shree Ram Janmbhoomi Udghatan LIVE Updates: अयोध्‍या के राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्‍ठा कार्यक्रम में अब सिर्फ कुछ घंटे बाकी रह गए हैं। कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा से पुष्पाधिवास, शर्कराधिवास और फलाधिवास अनुष्ठान किया गया। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में भाग लेने के लिए देशभर से अतिथि अयोध्या पहुंचने लगे हैं। जानिए क्या – क्या तैयारियां चल रही हैं।

JAN 22, 2024 | 06:40 AM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: रामलला के स्वागत के लिए तैयार अयोध्या

अयोध्या अपने राजा, अपने ईष्टदेव रामलला की स्वागत करने के लिए बेकरार दिख रहा है। 500 वर्षों का इंतजार आज यानि कि 22 जनवरी 2024 को खत्म होने जा रहा है। अपने प्रिय राम के स्वागत के लिए अयोध्या नगरी दुल्हन की तरह सजी हुई है। राम भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। 

JAN 22, 2024 | 12:12 AM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: देहरादून में मनाया गया दीपोत्सव

अयोध्या स्थित राम मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड के देहरादून में रविवार को आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में डेढ़ लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। परेड ग्राउंड में शाम को आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे और उनके साथ स्वयं भी दीप जलाए। सभी देश और प्रदेशवासियों को रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने राम भजन भी गाये। उन्होंने कहा कि एक लंबे इंतजार के बाद रामलला के अपनी जन्मभूमि में विराजमान होने का शुभ अवसर आया है और इस सौभाग्य भरे क्षण के हम सभी साक्षी होंगे।

JAN 21, 2024 | 11:34 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: सीएम योगी ने किए राम मंदिर और हनुमानगढ़ी के दर्शन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को ही रामनगरी पहुंच गए। यहां उन्होंने 22 जनवरी की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियों का फाइनल निरीक्षण किया और अयोध्या की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामलला व हनुमानगढ़ी के दर्शन पूजन किये। मुख्यमंत्री ने संघ कार्यालय साकेत निलयम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की।

JAN 21, 2024 | 10:50 PM IST

एंटीलिया सजा

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और एमडी मुकेश अंबानी का घर ‘एंटीलिया’ कल अयोध्या में राम मंदिर ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह से पहले सजाया गया है।

JAN 21, 2024 | 10:46 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: राष्ट्रपति ने मोदी को पत्र लिखकर कहा, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा भारत के पुनरुत्थान में एक नया चक्र

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर देश भर में जश्न का माहौल भारत की शाश्वत आत्मा की एक निर्बाध अभिव्यक्ति और देश के पुनरुत्थान में एक नए चक्र की शुरुआत है। राष्ट्रपति ने प्राण प्रतिष्ठा से पहले रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखे पत्र में यह बात कही। प्रधानमंत्री मोदी को लिखे दो पन्नों के पत्र में, राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘जैसा कि आपने अयोध्या में भगवान राम के जन्मस्थान पर बने नए मंदिर में प्रभु श्री राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के लिए जाने के वास्ते खुद को तैयार किया है। मैं केवल उस अद्वितीय सभ्यतागत यात्रा की कल्पना कर सकती हूं, जो पवित्र परिसर में आपके द्वारा उठाए गए प्रत्येक कदम के साथ पूरी होगी।’’

JAN 21, 2024 | 09:57 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: टीटीडी अध्यक्ष ने अयोध्या में राम मंदिर के प्रतिनिधियों को लड्डू सौंपे

तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) अध्यक्ष बी.कुरुणाकर रेड्डी ने रविवार को राम मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों को लड्डू सौंपे। रेड्डी राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए अयोध्या आए हैं। तिरुपति स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर के प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाने वाले टीटीडी ने राम मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के लिए एक लाख लड्डुओं की आपूर्ति करने पर सहमति व्यक्त की है। प्रत्येक लड्डू का वजन 25 ग्राम है जो प्राण प्रतिष्ठा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं में वितरित किए जाएंगे। इन्हें हाल में 350 बक्सों में एक मालवाहक विमान से तिरुपति हवाई अड्डे से अयोध्या रवाना किया गया था।

JAN 21, 2024 | 09:16 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: अयोध्या पहुंचे रणदीप हुड्डा, कंगना रनौत, शेफाली शाह

भव्य राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए अभिनेत्री कंगना रनौत, शेफाली शाह, अभिनेता पवन कल्याण एवं रणदीप हुड्डा अयोध्या पहुंच गए हैं। समारोह में आमंत्रित दिग्गज अभिनेता रजनीकांत और संगीतकार शंकर महादेवन को लखनऊ हवाई अड्डे पर देखा गया, जब वे मंदिर शहर के लिए रवाना हुए। समारोह के लिए आमंत्रित किये गए 8,000 से अधिक लोगों की लंबी सूची में, प्रमुख राजनीतिक नेता, बड़े उद्योगपति, फिल्म अभिनेता, खिलाड़ी, नौकरशाह और राजनयिक शामिल हैं।

JAN 21, 2024 | 08:35 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा उत्सव जैन समुदायों के लिए स्वर्णिम क्षण

राम मंदिर में राम लला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जैन मुनि भी उत्साहित हैं क्योंकि अयोध्या जैन धर्म की मूल भूमि है और इस पवित्र नगरी का भारी विकास होने की उन्हें उम्मीद है। पीठाधीश दिगंबर जैन तीर्थ रवींद्र कीर्ति जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, “जैन धर्म में 24 तीर्थंकर हैं जिनमें से प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव की जन्मभूमि अयोध्या है। उनके बाद, चार तीर्थंकर भी अयोध्या में जन्मे।” उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनने से पूरा जैन समाज प्रसन्न है।

JAN 21, 2024 | 08:34 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: मेरठ जोन के सात जिलों में अलर्ट घोषित

उत्तर प्रदेश के मेरठ जोन मे अयोध्या में श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर मेरठ जोन के सात जिलों में अलर्ट घोषित किया है। इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) मेरठ जोन, डी.के. ठाकुर ने बताया कि 20 से 26 जनवरी तक श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर जोन के सात जनपदों में अलर्ट घोषित किया गया है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर मेरठ जोन के सभी सात जिलो के पुलिस अधीक्षको से बैठक की जा चुकी है। सभी को मेरठ जोन की तरफ से पर्याप्त फोर्स मुहैया करा दी गई है, जिसमें 22 जनवरी को 6 कंपनी पीएसी और आरएएफ दी गई है। सभी संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी के आदेश दिए हैं।

JAN 21, 2024 | 08:33 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: अयोध्या को सजाने के लिए हापुड़ से आए फूल

हापुड के फूल किसान तेग सिंह को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा समारोह के लिए मंदिर में 10 टन मिश्रित फूल पहुंचाने का काम सौंपा गया है। फूलों का उपयोग मंदिर और शहर की सजावट में किया जाएगा। सिंह हापुड के सिंभावली गांव के तिगरी गांव के एक फूल किसान हैं। “हमारा परिवार 35 वर्षों से फूलों की खेती कर रहा है, लेकिन हमने पहले कभी ऐसी खुशी और गर्व महसूस नहीं किया है। हमारा सपना 500 साल बाद पूरा होने जा रहा है और भगवान राम मंदिर में विराजमान होंगे।”

JAN 21, 2024 | 07:59 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: राम मंदिर उद्घाटन से पहले 150 वीआईपी अयोध्या पहुंचेंगे

उत्तर प्रदेश सरकार ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने वाले 300 गणमान्य व्यक्तियों की एक सूची प्रदान की है और उन्हें राज्य के मेहमानों के लिए प्रोटोकॉल प्रदान किया गया है। सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक, करीब 150 वीआईपी रविवार को अयोध्या पहुंचेंगे, जबकि बाकी सोमवार सुबह पहुंचेंगे। प्रवक्ता ने कहा, “राज्य के मेहमानों को सुरक्षाकर्मियों और व्यक्तिगत संपर्क अधिकारियों के साथ एक एस्कॉर्ट वाहन प्रदान किया जाएगा। उन्हें जेड श्रेणी का प्रोटोकॉल दिया गया है। जो लोग रातभर रुकेंगे, उन्हें पूर्व-चिह्नित होटलों, टेंट सिटी, गेस्ट हाउस और उपयुक्त आवासों में रखा जाएगा।”

JAN 21, 2024 | 07:58 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: सीएम योगी ने किया रेत शिल्प का अवलोकन, ली सेल्फी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पद्मश्री सुदर्शन पटनायक द्वारा उकेरी गई रेतशिल्प से बनाई गई भगवान श्रीराम की आकृति का रविवार को अवलोकन किया। सीएम ने यहां सेल्फी भी ली। रेत शिल्प पर बनाई गई इस आकृति को वर्ल्ड रिकॉर्ड्स बुक ऑफ इंडिया की तरफ से भगवान श्रीराम के सबसे बड़े रेत शिल्प का सर्टिफिकेट दिया गया है। सीएम योगी ने रविवार को यह सर्टिफिकेट राज्य ललित कला अकादमी की निदेशिका श्रद्धा शुक्ला को प्रदान किया।

JAN 21, 2024 | 07:49 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: सोमवार को पूरे प्रदेश में 24 घंटे बिना कटौती होगी विद्युत आपूर्ति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप अयोध्या में सोमवार 22 जनवरी को रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए पूरे प्रदेश को कटौती मुक्त विद्युत आपूर्ति का निर्णय लिया गया है। यह जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डॉ आशीष कुमार गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री की मंशा के अनुरूप प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को देखते हुए पूरे प्रदेश को प्रकाश युक्त करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के मुख्यालय शक्ति भवन, एसएलडीसी भवन सहित सभी प्रमुख भवनों को प्रकाश मय कर दिया गया है। अध्यक्ष ने बताया है कि सोमवार को पूरे प्रदेश के सभी क्षेत्रों को 24 घंटे कटौती मुक्त विद्युत प्राप्त होगी। अध्यक्ष ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस संदर्भ में पूरी तरह सावधानी बरतें और सबको अनवरत विद्युत प्राप्त हो इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए।

JAN 21, 2024 | 07:03 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: थल, नभ और जल से अभेद्य हुई रामनगरी

प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए अयोध्या-लखनऊ, अयोध्या-गोरखपुर, अयोध्या-प्रयागराज और अयोध्या-वाराणसी हाईवे को ग्रीन कॉरिडोर में बदला गया है। स्वयं के हेलिकॉप्टर व प्राइवेट चार्टर्ड प्लेन से आने वाले वीवीआईपी के लिए महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अयोध्या धाम के साथ-साथ 5 राज्यों के 12 शहरों के एयरपोर्ट्स में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। प्राण प्रतिष्ठा के लिए क्रिकेट जगत, फिल्म जगत, संत समाज, राजनीति, कला, साहित्य और संस्कृति समेत अन्य क्षेत्रों के अतिविशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। अयोध्या धाम में इन अतिथियों का आगमन शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने 22 जनवरी को छुट्टी का ऐलान किया है, जबकि केंद्र सरकार ने दोपहर ढाई बजे तक हाफ डे छुट्टी घोषित की है। वहीं कई अन्य राज्य और प्रतिष्ठानों ने भी यूपी और केंद्र सरकार की तर्ज पर पहल करते हुए छुट्टी की घोषणा की है।

JAN 21, 2024 | 07:02 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: कार्यक्रम में अनेक परंपराओं को मिलेगा स्थान

प्राण प्रतिष्ठा में विभिन्न परंपराओं के लोगों को भी स्थान दिया गया है। शैव, वैष्णव, शाक्त, गाणपत्य, पात्य, सिख, बौद्ध, जैन, दशनाम शंकर, रामानंद, रामानुज, निम्बार्क, माध्व, विष्णु नामी, रामसनेही, घिसापंथ, गरीबदासी, गौड़ीय, कबीरपंथी, वाल्मीकि, शंकरदेव (असम), माधव देव, इस्कॉन, रामकृष्ण मिशन, चिन्मय मिशन, भारत सेवाश्रम संघ, गायत्री परिवार, अनुकूल चंद्र ठाकुर परंपरा, ओडिशा के महिमा समाज, अकाली, निरंकारी, नामधारी (पंजाब), राधास्वामी और स्वामीनारायण, वारकरी, वीर शैव इत्यादि कई सम्मानित परंपराएं इसमें भाग लेंगी। गर्भ-गृह में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पूर्ण होने के बाद, सभी साक्षी महानुभावों को दर्शन कराया जाएगा।

JAN 21, 2024 | 07:02 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: विविध प्रतिष्ठान होंगे सम्मिलित

प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 8 हजार से ज्यादा लोगों को आमंत्रित किया गया है। इसमें साधु संतों के साथ विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोगों को बुलाया गया है। देर रात तक इनमें से कई लोग अयोध्या धाम पहुंच चुके हैं, जबकि बाकी लोग भी 22 को सुबह तड़के पहुंचने वाले हैं। इसके अतिरिक्त भारतीय आध्यात्मिकता, धर्म, संप्रदाय, पूजा पद्धति, परंपरा के सभी विद्यालयों के आचार्य, 150 से अधिक परंपराओं के संत, महामंडलेश्वर, मंडलेश्वर, श्रीमहंत, महंत, नागा सहित 50 से अधिक आदिवासी, गिरिवासी, तातवासी, द्वीपवासी आदिवासी परंपराओं के प्रमुख व्यक्तियों की कार्यक्रम में उपस्थिति रहेगी। इसके साथ ही, भारत के इतिहास में पहली बार पहाड़ों, वनों, तटीय क्षेत्रों, द्वीपों आदि के वासियों द्वारा एक स्थान पर ऐसे किसी समारोह में प्रतिभाग किया जा रहा है।

JAN 21, 2024 | 07:02 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: काशी के आचार्य कराएंगे प्राण प्रतिष्ठा

समारोह के अनुष्ठान की सभी प्रक्रियाओं का समन्वय, समर्थन और मार्गदर्शन करने वाले 121 आचार्य होंगे। वाराणसी के गणेशवर शास्त्री द्रविड़ सभी प्रक्रियाओं की निगरानी, समन्वय और दिशा-निर्देशन करेंगे तथा काशी के लक्ष्मीकांत दीक्षित मुख्य आचार्य होंगे। इसके अतिरिक्त प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थित रहेंगे। प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया 16 जनवरी से ही शुरू हो चुकी है। 16 जनवरी को जहां प्रायश्चित्त और कर्मकूटि पूजन कराया गया था, वहीं 17 जनवरी को मूर्ति का परिसर प्रवेश हुआ था। 18 जनवरी को तीर्थ पूजन, जल यात्रा, जलाधिवास और गंधाधिवास के साथ ही श्रीराम लला विग्रह को उनके स्थान पर विराजमान किया गया। 19 जनवरी को औषधाधिवास, केसराधिवास, घृताधिवास, 19 जनवरी को धान्याधिवास, 20 जनवरी को शर्कराधिवास, फलाधिवास, पुष्पाधिवास और 21 जनवरी को मध्याधिवास और शय्याधिवास कराया गया।

JAN 21, 2024 | 07:01 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: 12 बजे के बाद शुरू होगा प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम

भगवान श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम अभिजीत मुहूर्त में संपन्न किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सीएम योगी एक दिन पहले ही अयोध्या धाम पहुंच चुके हैं। वहीं पीएम मोदी सुबह 10.25 पर अयोध्या धाम के महर्षि बाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे। 10.45 पर अयोध्या हैलीपैड पर उनका आगमन होगा। यहां से वो सीधे राम जन्मभूमि स्थल पर पहुंचेंगे। इसके बाद 11 बजे से 12 बजे तक वह विभिन्न आयोजनों में हिस्सा लेंगे, जबकि दोपहर 12.05 बजे से 12.55 तक प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होगा। दोपहर एक बजे कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह समारोह स्थल पर पहुंचेंगे, जहां अन्य विशिष्ट अतिथियों के साथ ही पूरे देश और दुनिया को संबोधित करेंगे। यहां सीएम योगी भी अपना उद्बोधन देंगे। कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए सीएम योगी ने दिन-रात एक कर दिया है। वो लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं और समीक्षा कर रहे हैं। कार्यक्रम से पहले बीते 13 दिनों में वह चार बार अयोध्या धाम का दौरा कर चुके हैं।

JAN 21, 2024 | 07:01 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: अवध में उत्सव है भारी, दीपोत्सव की भी तैयारी

प्राण प्रतिष्ठा के लिए राम मंदिर परिसर समेत पूरे अयोध्या धाम को फूलों से सजाया गया है। जन्मभूमि स्थान में अलग-अलग तरह के देशी विदेशी फूलों से सजावट की गई है, जबकि जन्मभूमि पथ, राम पथ, धर्म पथ और लता चौक पर भी सुंदर फूलों की सजावट है। विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच बनाए गए हैं। विभिन्न धर्माचार्यों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर राम कथा का आयोजन हो रहा है तो विभिन्न देशों की रामलीलाओं का मंचन भी किया जा रहा है। लता चौक पर लगी वीणा को भी लाइटिंग और फूलों के अद्भुत संगम से रौशन किया गया है। पूरे अयोध्या धाम में म्यूरल पेंटिंग और वॉल पेंटिंग के माध्यम से भगवान श्रीराम की जीवनी से जुड़े अलग-अलग अध्यायों का चित्रण किया गया है। राम की पैड़ी में सरयू आरती के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ लेजर शो धार्मिक अलख जगा रही है। अयोध्या धाम का ऐसा कोई स्थान नहीं जो फूलों से या एलईडी लाइटिंग से रौशन न किया गया हो। यही नहीं, अयोध्या आने वाले विभिन्न हाईवे भी फूलों और लाइट से सजाए गए हैं। कुल मिलाकर अयोध्या में स्वर्ग जैसा अहसास हो रहा है। इसके साथ ही सूर्यास्त के बाद अयोध्या में दस लाख दीयों से दीपोत्सव की भी तैयारी की गई है। वहीं पूरे देश और दुनिया में भी दीपोत्सव मनाया जाएगा। पीएम मोदी और सीएम योगी ने सूर्यास्त के बाद देशवासियों से 5 दीप प्रज्ज्वलित करने का आग्रह किया है।

JAN 21, 2024 | 07:00 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: प्राण प्रतिष्ठा पर रामनगरी में होंगे समूचे भारत के दर्शन

22 जनवरी को रामनगरी में समूचे भारत के दर्शन होंगे। संस्कृति मंत्रालय के क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों के 200 कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इनमें यहां आंध्र प्रदेश, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, मेजबान उत्तर प्रदेश की झलक प्रस्तुत होगी। वहीं मालिनी अवस्थी- कन्हैया मित्तल सरीखे कलाकार भी सुरमयी सांझ सजाएंगे। राम की पैड़ी पर इको फ्रेंडली आतिशाबाजी व लेजर शो भी होगा।

JAN 21, 2024 | 07:00 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: 200 टीपीडी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रक्रिया से लैस होगा अयोध्या धाम

अयोध्या को दुनिया की सुंदरतम नगरी बनाने के विजन से कार्य कर रही योगी सरकार स्वच्छता के सभी मानकों को अयोध्या में लागू कर पुरातन वैभव युक्त नगरी की दशा-दिशा बदलने के लिए प्रयासरत हैं। इस क्रम में, अयोध्या में अपशिष्ट निस्तारण व सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रक्रियाओं के कुशल प्रबंधन की जो कार्यप्रणाली विस्तृत कार्ययोजना के जरिए सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में स्वीकृत हुई थी उसे क्रियान्वित कर दिया गया है। अयोध्या नगर निगम द्वारा सीएम योगी की मंशा अनुरूप अयोध्या में 200 टन प्रति दिन (टीपीडी) कैपेसिटी युक्त सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट फैसिलिटी की स्थापना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस क्रम में, अयोध्या नगर निगम द्वारा 7 वर्षों की अवधि के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट फैसिलिटी की स्थापना व संचालन एजेंसी व कॉन्ट्रैक्टर्स के माध्यम से किया जाएगा। इस कार्य अवधि को प्रदर्शन के आधार पर 4 वर्षों के लिए बढ़ाया भी जा सकता है तथा इसके अंतर्गत जीरो वेस्ट डिस्चार्ज पैटर्न के अनुरूप वेट वेस्ट प्रोसेसिंग, ड्राई वेस्ट प्रोसेसिंग व सैनिटरी लैंड फिल जैसी प्रक्रियाओं की पूर्ति के जरिए अपशिष्ट निस्तारण को पूर्ण किया जाएगा।

JAN 21, 2024 | 06:59 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: देश भर के बड़े मंदिरों में हो रहा गुणगान

श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे सिर्फ रामभक्तों में ही नहीं, बल्कि देश भर के पौराणिक महत्व वाले मंदिरों में भी उत्सव की तैयारियां हो रही हैं। 22 जनवरी को इस उत्सव से पहले विभिन्न पौराणिक मंदिरों की ओर से भगवान राम का गुणगान करते हुए भक्तों से इस दिन दीपोत्सव, भजन-कीर्तन एवं श्रीराम साधना की अपील की गई है। उल्लेखनीय है कि सीएम योगी और पीएम मोदी भी इस आयोजन से पहले लोगों से अपने करीब के मंदिरों में साफ सफाई और राम संकीर्तन की अपील कर चुके हैं। साथ ही सभी से आग्रह किया गया है कि लोग अपने घरों में दीपोत्सव के माध्यम से राम ज्योति अवश्य प्रज्ज्वलित करें।

JAN 21, 2024 | 06:59 PM IST

रामनगरी में यूपी की विविध दिखेगा पूरा उत्तर प्रदेश

रामनगरी में सिर्फ अवध ही नहीं, बल्कि पूरा उत्तर प्रदेश नजर आएगा। वाराणसी के मोहित चौरसिया, राजेश उपाध्याय, दीपक शर्मा डमरू वादन से जहां रामनगरी में काशी की महिमा के जरिए अपने सांसद का स्वागत करेंगे तो अयोध्या के राजीव लोचन मिश्र शंख वादन से अतिथि देवो भवः की परंपरा का साक्षात्कार कराएंगे। गाजीपुर के सल्टू राम, संजय कुमार, आजमगढ़ के सुनील कुमार, मुन्ना लाल मंचों पर धोबिया लोकनृत्य की बहार बहाएंगे। गोरखपुर के छेदी यादव, रामज्ञान, विंध्याचल आजाद फरुआही नृत्य से माटी की खुशबू बिखरेंगे तो गोरखपुर की ही सुगम सिंह शेखावत व राकेश कुमार टीम के साथ वनटांगिया जनजातीय लोकनृत्य का दीदार कराएंगी। लखनऊ की जूही कुमारी अवधी, मानसी विष्ट उत्तरांचल के नृत्य से अभ्यागतों का स्वागत करेंगे। मथुरा के खजान सिंह व महिपाल बम रसिया तो राजेश शर्मा-मणिका, माधव आचार्य, गीतकृष्ण शर्मा मयूर लोकनृत्य से ब्रज की खुशबू से अवध को महकाएंगे। झांसी के प्रदीप सिंह भदौरिया की टीम राई लोकनृत्य प्रस्तुत करेगी। सोनभद्र के कतवारू मादल वादन तो महेंदर् कर्मा आदिवासी नृत्य पेश करेंगे।

JAN 21, 2024 | 06:58 PM IST

100 मंचों पर सांस्कृतिक शोभायात्रा के सारथी बन रहे 2500 लोक कलाकार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर 2023 को रामनगरी आए थे तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उनका अभूतपूर्व स्वागत किया गया। 22 जनवरी 2024 को वह अद्भुत क्षण होगा, जिसका 500 वर्षों से इंतजार था, लिहाजा आयोजन भी दिव्यतम होगा। इसे देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसे भव्यतम बनाने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर उप्र संस्कृति विभाग ने सारी तैयारी कर ली है। संस्कृति विभाग द्वारा तैयार किया गए 100 मंचों पर 2500 लोक कलाकार सांस्कृतिक शोभायात्रा के सारथी बनेंगे और नृत्य-गायन-वादन की अनेक विधाओं के जरिए कलियुग की अयोध्या में त्रेतायुग सा दीदार कराएंगे।

JAN 21, 2024 | 06:54 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Inauguration LIVE: प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का छठवां दिन

अयोध्या, 21 जनवरीः श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान छठवें दिन रविवार को सुबह नौ बजे से प्रारंभ हुआ। 114 कलशों में औषधियुक्त जल एवं देश के विभिन्न तीर्थों से लाये गये पवित्र जल से श्रीरामलला की मूर्ति का स्नान कराया गया। प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान में नित्य के पूजन, हवन और पारायण के साथ पूजा प्रक्रिया प्रारम्भ हुई, जो देर शाम तक चली। श्रीरामलला के विग्रह को मध्याधिवास में रखा गया। आज ही रात्रि जागरण अधिवास भी हुआ। यज्ञशाला में श्रीरामलला के पुराने विग्रह की भी पूजा चल रही है। चेन्नई, पुणे सहित कई स्थलों से मंगाये गये विविध फूलों से पूजन का अनुष्ठान कराया गया। रविवार की पूजा में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से अनिल मिश्र सपरिवार और विश्व हिन्दू परिषद के अध्यक्ष डॉ. आर. एन. सिंह एवं अन्य लोग शामिल रहे। प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान की प्रक्रिया 16 जनवरी को दोपहर बाद सरयू नदी से प्रारंभ हुई थी। 17 जनवरी को श्रीरामलला की मूर्ति का मंदिर परिसर में आगमन हुआ था। सोमवार दोपहर अभिजीत मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान सम्पन्न होगा।

JAN 21, 2024 | 06:36 PM IST

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद मेहमानों को दिया जाएगा शुद्ध देशी घी से बना महाप्रसाद

अयोध्या धाम में श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने वाले अति विशिष्ट अतिथियों को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से प्राण प्रतिष्ठा के बाद महाप्रसाद दिया जाएगा। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान मेहमानों को मंदिर परिसर में देश घी से तैयार भोजन भी परोसे जाने की तैयारी है। एक सरकारी बयान में कहा गया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मार्गदर्शन में गुजरात की भगवा सेना भारती गरवी गुजरात एवं सन्त सेवा संस्थान की ओर से महाप्रसाद तैयार किया जा रहा है, जिसे प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद मेहमानों को वितरित किया जाएगा।

JAN 21, 2024 | 06:18 PM IST

राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह ‘भारतवर्ष’ के पुनर्निर्माण की शुरुआत : मोहन भागवत

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि अयोध्या में रामलला का उनके जन्मस्थान में ‘प्रवेश’ और मंदिर में ‘प्राण-प्रतिष्ठा’ समारोह ‘भारतवर्ष के पुनर्निर्माण’ के अभियान की शुरुआत होगी। भागवत ने यह भी कहा क भारतवर्ष का पुनर्निर्माण सद्भाव, एकता, प्रगति, शांति और सभी की भलाई के लिए जरूरी है। संघ प्रमुख ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की वेबसाइट पर पोस्ट किए गए एक लेख में अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए ‘हिंदू समाज के निरंतर संघर्ष’ का उल्लेख किया और कहा कि इस विवाद पर ‘टकराव और कड़वाहट’ का अब अंत होना चाहिए।

JAN 21, 2024 | 06:08 PM IST

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का हिस्सा बनना मेरा सौभाग्य : कंगना

अभिनेत्री कंगना रनौत का कहना है कि सोमवार को यहां राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया जाना उनका ‘सौभाग्य’ है। कंगना (36) ने रविवार को अपने-अपने आध्यात्मिक गुरु रामभद्राचार्य से मुलाकात की और यहां एक मंदिर में हो रहे यज्ञ में हिस्सा लिया। शनिवार को अयोध्या पहुंची कंगना ने कहा कि श्रद्धालु कल (सोमवार) भगवान राम के आने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं यहां अपने गुरु रामभद्राचार्य जी से मिलने आयी हूं। कई पुजारी भगवान हनुमान का नाम लेकर अनुष्ठान कर रहे हैं और मंत्र पढ़ रहे हैं। यहां की ऊर्जा चमत्कारी है।”

JAN 21, 2024 | 05:42 PM IST

रजनीकांत पहुंचे अयोध्या

अभिनेता रजनीकांत श्री राम मंदिर ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह में भाग लेने के लिए लखनऊ हवाई अड्डे पहुंचे। यहां से वो अयोध्या जाएंगे।

JAN 21, 2024 | 05:41 PM IST

धीरेंद्र शास्त्री अयोध्या पहुंचे

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री अयोध्या पहुंचे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले लखनऊ पहुंची हैं।

JAN 21, 2024 | 05:33 PM IST

ओडिशा के कला शिक्षक ने बनाई राम मंदिर की प्रतिकृति

ओडिशा के एक शिक्षक और कलाकार ने सोमवार को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले अयोध्या के मंदिर की साढ़े पांच इंच लंबी प्रतिकृति बनाई है। कलाकार ईश्वर राव ने कागज, माचिस की तीली और चॉक से यह प्रतिकृति बनाई है। राव ने कहा, ‘‘यह मॉडल साढ़े पांच इंच ऊंचा और ढाई इंच चौड़ा है। मंदिर के सामने भगवान हनुमान की एक इंच लंबी आकृति भी है। यह आकृति चॉक से बनाई गई है।”

JAN 21, 2024 | 05:28 PM IST

रामनामियों के पूर्वजों ने भी बताया था राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का समय

छत्तीसगढ़ में रामनामी ऐसा संप्रदाय है जो अपने शरीर पर राम नाम का गोदना कराता है। इस वर्ग के लोगों का मानना है कि उन पूर्वजों ने पहले ही बता दिया था कि अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा शुक्ल पक्ष की एकादशी से त्रयोदशी के मध्य होगी। सक्ती जिले के जैजेपुर में इन दिनों रामनामी मेला चल रहा है। इस मेले में आये गुलाराम रामनामी ने बताया कि लगभग 150 साल पहले हमारे पूर्वजों ने बता दिया था कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर में प्राणप्रतिष्ठा शुक्ल पक्ष एकादशी से त्रयोदशी के बीच होगी।

JAN 21, 2024 | 05:26 PM IST

प्राण प्रतिष्ठा समारोह में उपस्थित नहीं रहूंगा-एकनाथ शिंदे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि वह 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं होंगे और उनकी योजना बाद में मंत्रिमंडल के अपने सहयोगियों के साथ-साथ विधायकों और लोकसभा सदस्यों को लेकर अयोध्या में रामलला के ‘दर्शन’ करने की है। मुंबई में रविवार सुबह आयोजित टाटा मैराथन से इतर संवाददाताओं से बातचीत में शिंदे ने कहा, ‘‘अयोध्या में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में कुछ लोगों के साथ जाने के बजाय मैं राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के साथ-साथ विधायकों और सांसदों को लेकर बाद में जाऊंगा।’’

JAN 21, 2024 | 04:54 PM IST

टेलीविजन और ऑनलाइन मंचों पर सीधा प्रसारण

लाखों लोगों के इस कार्यक्रम को टेलीविजन और ऑनलाइन मंचों पर सीधा प्रसारण देखने की उम्मीद है। इसे देखते हुए भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों और ओडिशा ने एक दिन के अवकाश की घोषणा की है जबकि केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी का एलान किया है। भगवान राम की जन्म स्थली अयोध्या में प्राधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। इसके साथ ही देश और विदेश में इस अवसर पर विशेष उत्सव की घोषणा की गई है। वाशिंगटन डीसी से लेकर पेरिस और सिडनी तक दुनिया के विभिन्न हिस्सों में 22 जनवरी को कार्यक्रमों की घोषणा की गई है। ये कार्यक्रम 60 देशों में विश्व हिंदू परिषद या हिंदू प्रवासी समुदाय द्वारा आयोजित किए जा रहे हैं।

JAN 21, 2024 | 04:29 PM IST

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए तैयार है राममय अयोध्या

राम भक्तों को वर्षों से जिस पल का इंतजार है, उसके लिए अयोध्या पूरी तरह से तैयार है। बहु-प्रतीक्षित राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन भव्य स्तर पर सोमवार को होगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सभी धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होंगे। इस समारोह के अगले दिन ही यह मंदिर जनता के लिए खोल दिया जाएगा। ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह अपराह्न 12.20 बजे शुरू होगा और अपराह्न एक बजे तक उसके पूरा होने की संभावना है। इसके बाद प्रधानमंत्री आयोजन स्थल पर संतों और प्रतिष्ठित शख्सियतों समेत 7,000 से अधिक लोगों की सभा को संबोधित करेंगे।

JAN 21, 2024 | 03:55 PM IST

इसरो ने अयोध्या में राम मंदिर का उपग्रह तस्वीर जारी किया

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र ने अयोध्या में बन रहे राम मंदिर की उपग्रह से ली गई तस्वीर जारी की है। इसरो ने अंतरिक्ष में मौजूद भारतीय सुदूर संवेदी उपग्रह से ली गई तस्वीर रविवार को साझा की, जिसमें अयोध्या में बन रहा भव्य मंदिर दिखाई दे रहा है जिसमें रामलला का प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होना है। पिछले साल 16 दिसंबर को ली गई तस्वीर में दशरथ महल, अयोध्या रेलवे स्टेशन और पवित्र सरयू नदी भी दिखाई दे रही है। रामलला का प्राण प्रतिष्ठा समारोह सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य लोगों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होगा।

JAN 21, 2024 | 03:34 PM IST

22 जनवरी को गोवा के कसीनो आठ घंटे के लिए बंद रहेंगे

अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर गोवा में सभी कसीनो का संचालन सोमवार को सुबह आठ बजे से आठ घंटे के लिए बंद रहेगा। एक कसीनो प्रबंधन कंपनी के अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। गोवा में छह ऑफशोर कसीनो और तट स्थित कई ऑनशोर कसीनो संचालित हैं। ऑफशोर कसीनो जहाज राज्य की राजधानी पणजी के पास मांडवी नदी में लंगर डाले हुए हैं।

JAN 21, 2024 | 02:04 PM IST

अयोध्या हुई जगमग

अयोध्या में 22 जनवरी को दीपावली उत्सव या संभवत: उससे बड़े पैमाने पर उत्सव मनाए जाने की उम्मीद है। बेगमपुरा इलाके में कई महीनों पहले खुला लॉज प्रभाराज पैलेस शुक्रवार रात को रोशनी से जगमग हो उठा। अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को होगा और इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे।

JAN 21, 2024 | 01:39 PM IST

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बीच साइबर ठगी के बढ़ते मामले बढ़े

Cyber Fraud: अयोध्या में सोमवार को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बीच साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है और पुलिस को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि साइबर ठग लोगों को मुफ्त प्रसाद वितरण, वीआईपी पास एवं प्रवेश पास देने के फर्जी संदेश भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि साइबर ठगों की इस सक्रियता को लेकर राज्‍य सरकार कड़े कदम उठा रही है। अयोध्या पुलिस ने हाल में ऐसे ही एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक भारतीय अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार किया है।

JAN 21, 2024 | 01:34 PM IST

हिमाचल प्रदेश सरकार ने 22 जनवरी को अवकाश

हिमाचल प्रदेश सरकार ने 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर राज्य में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!