बिहार कोचिंग वॉर में नया मोड़… खान सर केस में फरार रौशन आनंद के भाई प्रिंस की संदिग्ध मौत, नेपाल के होटल में मिला शव

Prince Yadav Death Nepal: बिहार की राजधानी पटना के चर्चित शिक्षक खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद के बीच चल रहा विवाद अब एक बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंच गया है. इस बड़े विवाद के बीच नेपाल से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे शिक्षा जगत और सोशल मीडिया पर सनसनी फैला दी है. खान सर कोचिंग प्रकरण में नामजद और कई दिनों से फरार चल रहे रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. घटना की जानकारी मिलते ही रौशन आनंद के परिजन नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं.

दरअसल, पटना के हाई-प्रोफाइल ‘खान सर बनाम रौशन आनंद’ विवाद के कारण ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद फिलहाल जेल में हैं, जबकि खान सर को हाल ही में अग्रिम जमानत मिली है. इसी विवाद के दौरान खान सर के कोचिंग सेंटर पर एक हमला हुआ था, जिसमें रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव को मुख्य आरोपियों में शामिल किया गया था. एफआईआर (FIR) दर्ज होने के बाद से ही गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रिंस अपने 6-7 दोस्तों के साथ नेपाल भाग गया था और वहीं एक होटल में छिपा हुआ था. देर रात उसी होटल के कमरे में प्रिंस की रहस्यमयी हालात में मौत हो गई.

नेपाल पुलिस ने दोस्तों को लिया हिरासत में

प्रिंस यादव की मौत किन कारणों से हुई है, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है. नेपाल पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वारदात के समय प्रिंस के साथ होटल में जो भी युवक मौजूद थे, उन सभी को नेपाल पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है. हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक किसी भी आरोप या हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी.

सोशल मीडिया पर गहराया साजिश का शक

प्रिंस यादव की इस अचानक और संदिग्ध मौत को लेकर इंटरनेट और सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कई लोग इसे महज एक हादसा या आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं और इसे किसी बड़ी गहरी साजिश का हिस्सा बता रहे हैं. गौरतलब है कि प्रिंस यादव पर इससे पहले साल 2021 में भी खान सर के कोचिंग संस्थान पर हमला करने का आरोप लगा था. दोनों गुटों के बीच पुराना विवाद और केस-काउंटर केस का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. ऐसे में इस मौत ने मामले को और ज्यादा पेचीदा बना दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!