ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज यानी एम्स (AIIMS) ने सामान्य भर्ती परीक्षा (CRE-5) 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती अभियान के तहत देशभर में स्थित AIIMS और अन्य केंद्रीय सरकारी निकायों में कुल 1484 नॉन-फैकल्टी ग्रुप-बी और ग्रुप-सी पदों को भरा जाना है. इच्छुक और पात्र उम्मीदवार के लिए AIIMS CRE 5 भर्ती 2026 के लिए 13 जून से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 3 जुलाई 2026 तक चलेगी. कैंडिडेट्स आधिकारिक वेबसाइट aiimsexams.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
इस भर्ती के लिए सीबीटी परीक्षा की संभावित डेट 25 से 27 जुलाई 2026 तक है और इसके लिए एडमिट कार्ड जुलाई 2026 के दूसरे हफ्ते में जारी किया जा सकता है. इन पदों के लिए कैंडिडेट्स का चयन लिखित परीक्षा और उसके बाद पोस्ट-वाइज स्किल टेस्ट में उनके परफॉर्मेंस के आधार पर किया जाएगा. स्किल टेस्ट की तारीख की घोषणा भी बाद में की जाएगी.
400 अंकों की होगी लिखित परीक्षा
लिखित परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों (MCQs) के फॉर्मेट में 90 मिनट की अवधि के लिए आयोजित की जाएगी. परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसके लिए 400 अंक मिलेंगे यानी प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक मिलेंगे और प्रत्येक गलत उत्तर के लिए निगेटिव मार्किंग के तौर पर 1 अंक काटे भी जाएंगे. परीक्षा में सामान्य ज्ञान, योग्यता और कंप्यूटर ज्ञान से 20 बहुविकल्पीय प्रश्न और पद से संबंधित विषय से 80 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे.
AIIMS CRE 5 Recruitment 2026 Notification
कैटेगरी वाइज आवेदन फीस
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले कैंडिडेट्स को उनकी कैटेगरी के आधार पर आवेदन फीस का भुगतान करना होगा. जनरल और ओबीसी (OBC) उम्मीदवारों के लिए आवेदन फीस 3,000 रुपये और एससी (SC), एसटी (ST) और ईडब्ल्यूएस (EWS) उम्मीदवारों के लिए फीस 2,400 रुपये निर्धारित की गई है.
किन-किन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती के तहत सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट, ऑफिस सुपरिटेंडेंट, असिस्टेंट, लोअर डिवीजन क्लर्क, अपर डिवीजन क्लर्क, जूनियर इंजीनियर सिविल/इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल, असिस्टेंट इंजीनियर, असिस्टेंट डाइटीशियन, डाइटीशियन, वार्डन, स्टोर कीपर, कैशियर और जूनियर अकाउंट्स ऑफिसर जैसे कई पद भरे जाएंगे.