RBI YP Recruitment 2026: आरबीआई में यंग प्रोफेशनल्स की भर्ती, हर महीने मिलेगा 1.5 लाख रुपये स्टाइपेंड

नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अलग-अलग विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों में प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर देने के लिए यंग प्रोफेशनल्स (YPs) भर्ती 2026 की घोषणा की है. इस भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों को मुंबई स्थित केंद्रीय कार्यालय में काम करने का मौका मिलेगा. खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 1.5 लाख रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, क्लाइमेट फाइनेंस, पेमेंट सिस्टम और पॉलिसी रिसर्च जैसे क्षेत्रों में रुचि रखने वाले उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं. इच्छुक अभ्यर्थियों को 6 जुलाई 2026 तक ईमेल के माध्यम से आवेदन भेजना होगा.

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अपने केंद्रीय कार्यालय, मुंबई के अलग-अलग विभागों में यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. यह भर्ती उन युवाओं के लिए एक शानदार अवसर है जो वित्तीय क्षेत्र, नई तकनीकों और नीति निर्माण से जुड़े विषयों में करियर बनाना चाहते हैं. योग्य उम्मीदवार 6 जुलाई 2026 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन भेज सकते हैं.

कई क्षेत्रों में उपलब्ध हैं अवसर

इस भर्ती अभियान के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम टेक्नोलॉजी, क्लाइमेट रिस्क एवं सस्टेनेबल फाइनेंस, डेटा एनालिटिक्स, फाइनेंशियल मार्केट्स, पेमेंट इकोसिस्टम, क्रेडिट रिस्क एनालिटिक्स, पॉलिसी रिसर्च और सुपरविजन जैसे क्षेत्रों में पद उपलब्ध हैं. सभी चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति मुंबई में की जाएगी.

मिलेगा 1.5 लाख रुपये स्टाइपेंड

चयनित अभ्यर्थियों को प्रति माह 1.5 लाख रुपये का निश्चित स्टाइपेंड दिया जाएगा. यह नियुक्ति पूर्णकालिक संविदा के आधार पर होगी. शुरुआती अनुबंध तीन वर्षों के लिए रहेगा, जिसे प्रदर्शन और आपसी सहमति के आधार पर बढ़ाया जा सकता है. हालांकि कुल कार्यकाल पांच वर्ष से अधिक नहीं होगा. RBI ने स्पष्ट किया है कि यंग प्रोफेशनल्स को नियमित कर्मचारी का दर्जा नहीं मिलेगा.

आवेदन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स

उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म की स्कैन कॉपी के साथ अपना बायोडाटा (CV), एजुकेशनल सर्टिफिकेट, स्टेटमेंट ऑफ इंटरेस्ट, अकादमिक या पॉलिसी लेखन का नमूना तथा किसी प्रोफेशनल रेफरी का रेफरेंस या सिफारिश पत्र ईमेल के माध्यम से भेजना होगा. एक से अधिक पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को प्रत्येक पद के लिए अलग आवेदन जमा करना होगा.

चयन प्रक्रिया और जरूरी निर्देश

भर्ती प्रक्रिया में प्रारंभिक स्क्रीनिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और व्यक्तिगत इंटरव्यू शामिल होंगे. शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू की सूचना ईमेल के जरिए भेजी जाएगी. RBI ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले संबंधित पद की एलिजिबिलिटी शर्तों को ध्यान से पढ़ लें. अधूरे या अंतिम तारीख के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 6 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *