भारत जोड़ो की तर्ज पर Congress की ‘UP जोड़ो यात्रा’ शुरू, अजय राय ने भाजपा सरकार पर ऐसे साधा निशाना

सहारनपुर: लोकसभा चुनाव को लेकर देश के सबसे राज्य उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने अपनी तैयारियों को शुरू किया है। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तर्ज पर पार्टी ने बुधवार को ‘UP जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को सहारनपुर स्थित सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर इस यात्रा का शुभारंभ किया। अजय राय ने कहा कि BJP सरकार में सभी परेशान हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं तो युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। व्यापारी अलग परेशान हैं। यूपी जोड़ो यात्रा के जरिए बीजेपी सरकार की नाकामियों को सामने लाया जाएगा। इस यात्रा के दौरान एक बड़ा तबका कांग्रेस से जुड़ने जा रहा है। इस दौरान स्थानीय मुद्दों को समझा जाएगा और उस पर कांग्रेस की रणनीति के बारे में जनता को समझाया जाएगा।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि हाल के विधानसभा चुनावों में तीन प्रदेशों में हार के बाद कांग्रेस ने यह समझ लिया है कि चुनावी तैयारियां काफी पहले से करनी होंगी। चूंकि लोकसभा चुनाव में यूपी की बड़ी भूमिका है, इसलिए आगामी चुनाव को लेकर यहां अभी से जनता को पार्टी से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पार्टी से कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है। कांग्रेस की यह यात्रा सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, लखीमपुर खेरी, लखनउ होते हुए सीतापुर के नैमिषारण्य में समाप्त होगी।

यूपी जोड़ो यात्रा गुरुवार तक सहारनपुर के ही गंगोह और देवबंद के ग्रामीण इलाकों में घूमेगी। हर जिले में यात्रा दो दिन रहेगी। क्षेत्र के हिसाब से वहां के प्रमुख नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य को सहारनपुर, पूर्व विधायक इमरान मसूद को बिजनौर, पूर्व सांसद जफर अली नकवी को शाहजहांपुर और चार बार के सांसद रवि प्रकाश वर्मा को सीतापुर में प्रभारी बनाया गया है। माना जा रहा है कि कांग्रेस पश्चिमी यूपी को अधिक टारगेट कर रही है। यहां पर पार्टी को अधिक संभावनाएं दिख रही हैं।

 

 

 

 

 

 

 

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!