ब्रिटिश लग्जरी कार कंपनी Mini भारत में अपनी प्रीमियम SUV रेंज को और मजबूत करने जा रही है. कंपनी 17 जून 2026 को नई Mini Countryman C लॉन्च करने वाली है. यह SUV कंपनी की मौजूदा हाई-परफॉर्मेंस Countryman JCW All4 के मुकाबले ज्यादा किफायती विकल्प के रूप में पेश की जाएगी. लॉन्च से पहले ही इसकी प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है.
खास बात ये है कि नई Mini Countryman C को भारत में ही असेंबल किया जाएगा. इससे कंपनी को इसकी कीमत को कम रखने में मदद मिलेगी. यह मॉडल Mini की लाइनअप में Countryman JCW All4 के नीचे रखा जाएगा. इसका मकसद ग्राहकों को बेहतर परफॉर्मेंस, शानदार डिजाइन और उपयोगी फीचर्स का बैलेंस पैकेज देना है. माना जा रहा है कि यह SUV भारत में Mini की बिक्री बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी.
स्टाइलिश डिजाइन
डिजाइन की बात करें तो नई Countryman C काफी हद तक Countryman Electric जैसी दिखाई दे सकती है. हालांकि, इसे अलग पहचान देने के लिए नई ग्रिल और अपडेटेड बंपर दिए जाने की संभावना है. यह SUV 5 शानदार रंगों में उपलब्ध हो सकती है, जिनमें Chilli Red, British Racing Green, Nanuq White, Slate Blue और Smokey Green शामिल हैं. इसके अलावा बॉडी कलर डोर हैंडल, ब्लैक ORVMs, ब्लैक रूफ, ब्लैक पिलर्स, शैंपेन फिनिश एक्सटीरियर एलिमेंट्स, आकर्षक अलॉय व्हील्स और मैट्रिक्स LED टेल लैंप जैसे फीचर्स भी देखने को मिल सकते हैं.
लग्जरी से भरपूर इंटीरियर
नई Countryman C का केबिन Mini के मॉडर्न डिजाइन फिलॉस्पी पर बेस्ड होगा. इसमें ड्यूल-टोन इंटीरियर और शैंपेन फिनिश एक्सेंट्स दिए जा सकते हैं. SUV में Mini की पहचान बन चुका गोलाकार टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा. इसके अलावा प्रीमियम साउंड सिस्टम, पैडल शिफ्टर्स और हेड-अप डिस्प्ले जैसे एडवांस फीचर्स भी दिए जा सकते हैं, जो इसे और अधिक लग्जरी फील देंगे.
इंजन और परफॉर्मेंस
नई Mini Countryman C में 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलेगा. यह इंजन 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आएगा. हालांकि कंपनी ने अभी इसकी पावर और टॉर्क की जानकारी नहीं दी है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें BMW X1 वाला इंजन इस्तेमाल किया जाएगा. BMW X1 में यही इंजन 136 हॉर्सपावर और 230 Nm टॉर्क पैदा करता है. यह पावर Countryman JCW All4 के 300 हॉर्सपावर आउटपुट से काफी कम होगी, लेकिन रोजमर्रा के उपयोग और आरामदायक ड्राइविंग के लिए पर्याप्त मानी जा रही है.
अनुमानित कीमत और मुकाबला
नई Mini Countryman C की कीमत मौजूदा Countryman JCW All4 से कम रखी जा सकती है. वर्तमान में JCW All4 की एक्स-शोरूम कीमत 64.9 लाख रुपये है. भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद इसका मुकाबला लग्जरी कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट की लोकप्रिय गाड़ियों जैसे BMW X1, Audi Q3 और Mercedes-Benz GLA से होगा. इससे Mini की मौजूदगी इस प्रीमियम सेगमेंट में और मजबूत होने की उम्मीद है.