पुराने वीडियो को लेकर विवाद में घिरे सोमनाथ भारती, बीजेपी ने दिल्ली पुलिस से FIR की मांग की

नई दिल्ली: दिल्ली में आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक सोमनाथ भारती की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। दिल्ली भाजपा ने उन पर पुरानी घटना को मौजूदा घटना के रूप में प्रस्तुत कर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। मामले में भाजपा नेताओं ने दिल्ली पुलिस से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग की है।

सोशल मीडिया पोस्ट पर भाजपा ने उठाए सवाल

अधिवक्ता एवं भाजपा नेता संकेत गुप्ता और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के सदस्य राजेश गोयल ने संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि उन्होंने सोमनाथ भारती के खिलाफ दिल्ली पुलिस आयुक्त को शिकायत सौंपी है। शिकायत में सोशल मीडिया पोस्ट की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

इस दौरान भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शुभेन्दु शेखर अवस्थी भी मौजूद रहे।

पुरानी घटना को वर्तमान से जोड़ने का आरोप

भाजपा नेताओं के अनुसार, सोमनाथ भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें दिल्ली कैंट क्षेत्र में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसके बाद उसे जलाने की घटना का जिक्र किया गया था।

शिकायत में दावा किया गया है कि यह मामला अगस्त 2021 की पुरानी घटना से संबंधित है, लेकिन पोस्ट में इसे वर्तमान समय की घटना की तरह प्रस्तुत किया गया।

जनता में भ्रम फैलाने का आरोप

संकेत गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार की भ्रामक जानकारी समाज में डर, भ्रम और असंतोष पैदा कर सकती है। उनका आरोप है कि पुरानी घटना को मौजूदा सरकार और प्रशासन से जोड़कर लोगों के बीच गलत संदेश देने का प्रयास किया गया।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सोमनाथ भारती ने अपने पोस्ट में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए थे।

दिल्ली पुलिस से कार्रवाई की मांग

भाजपा नेताओं ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस लगातार काम कर रही है और ऐसे में गलत तथ्यों के आधार पर भय का माहौल बनाना उचित नहीं है।

संकेत गुप्ता और राजेश गोयल ने बताया कि शिकायत सौंपे जाने के बाद पुलिस की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *