‘AAP’ ने केजरीवाल की हत्या की ‘गहरी साजिश’ रचने का आरोप लगाया, BJP ने ‘नाटक’ करार दिया

AAP राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल

Delhi Politics News: आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर अपने राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की हत्या की ‘‘गहरी साजिश’’ रचने का शनिवार को आरोप लगाया।

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने ‘आप’ के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को बदनाम करने के लिए सत्तारूढ़ पार्टी का एक और ‘‘नाटक’’ है।

‘आप’ नेताओं ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी में पदयात्रा के दौरान केजरीवाल पर ‘‘भाजपा के गुंडों’’ ने हमला किया। भाजपा ने इस आरोप को खारिज किया है।

‘आप’ की ओर से कथित हमले का कोई वीडियो उपलब्ध नहीं कराया गया। पुलिस ने कहा कि उसे ‘आप’ की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है।

‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया, ‘‘घटना में पुलिस की मिलीभगत केजरीवाल की हत्या की गहरी साजिश को साफतौर पर दर्शाती है। भाजपा उनकी जान की दुश्मन बन गई है।’’

सिंह के इस आरोप पर पुलिस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

‘आप’ नेता ने कहा कि विकासपुरी की घटना के बावजूद केजरीवाल तय कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा अभियान जारी रखेंगे।

केजरीवाल समेत ‘आप’ के विभिन्न नेता फरवरी 2025 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्राएं कर रहे हैं।

यह पूछे जाने पर कि पार्टी ने इस घटना के संबंध में कोई शिकायत क्यों नहीं दर्ज कराई, सिंह ने कहा कि अगर पुलिस ‘‘निष्पक्ष’’ होती और उसके अधिकारी हमलावरों के समूह को रोकने के लिए कुछ करते तो यह घटना नहीं होती। उन्होंने दावा किया कि हमलावर भाजपा की युवा इकाई के थे।

‘आप’ नेता ने कहा कि पुलिस घटना का संज्ञान लेकर जांच कर सकती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए कानूनी सलाह ले रही है।

‘आप’ सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता केजरीवाल पर हमला करने वालों का समर्थन कर रहे हैं।

दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने एक अन्य प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पदाधिकारियों ने केजरीवाल पर हमला किया। हमलावरों में से एक भाजयुमो की दिल्ली इकाई का उपाध्यक्ष है और दूसरा इसका महासचिव है।’’

भारद्वाज ने दावा किया कि केजरीवाल पर हमला करने के बाद नाच रहे दो भाजपा सदस्य पार्षद का चुनाव हार गए थे।

भाजपा नेता गुप्ता ने ‘आप’ के दावों को खारिज करते हुए कहा, ‘‘भाजपा पर आरोप लगाने के बावजूद ‘आप’ ने केजरीवाल पर कथित हमले को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, जिससे पता चलता है कि पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को बदनाम करके जनता की सहानुभूति हासिल करने की कोशिश कर रही है।’’

भाजपा नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी ‘‘घटते जनसमर्थन’’ से चिंतित है और इस तरह की रणनीति के जरिये लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!