आजम खान जेल से बाहर आकर करेंगे प्रचार? सपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नाम, भाजपा ने साधा निशाना

आजम खान

लखनऊः अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में उपचुनाव को लेकर पार्टी के स्टार प्रचारकों के नामों का ऐलान कर दिया। इस लिस्ट में सबसे हैरान करने वाला नाम आजम खान का है। आजम खान जेल में बंद हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या आजम खान चुनाव प्रचार के लिए जेल से बाहर आएंगे। अगर नहीं आएंगे तो अखिलेश की लिस्ट में उनका नाम क्यों है? इसे लेकर भाजपा ने भी उन पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। भाजपा के प्रवक्ता ने शनिवार को कहा कि सपा बिना गुंडे-अपराधियों के एक भी चुनाव नहीं जीत सकती।

दरअसल, समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट शनिवार को जारी की है। इस लिस्ट में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, जया बच्चन और शिवपाल सिंह यादव समेत 40 नेताओं के नाम हैं। समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की मीरापुर, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर, करहल, सीसामऊ, फूलपुर, कटेहरी और मंझवा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इस संबंध में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार के लिए 40 नामों का ऐलान किया गया है।

स्टार प्रचारकों की लिस्ट

इस लिस्ट में अखिलेश यादव, रामगोपाल यादव, मोहम्मद आजम खान, डिंपल यादव, जया बच्चन, शिवपाल सिंह यादव, रामजी लाल सुमन, श्याम लाल पाल, बाबू सिंह कुशवाहा, हरेंद्र मलिक, लालजी वर्मा, अवधेश प्रसाद, नरेश उत्तम पटेल, इन्द्रजीत सरोज, माता प्रसाद पाण्डेय, विशम्भर प्रसाद निषाद, राम अचल राजभर, ओम प्रकाश सिंह, कमाल अख्तर का नाम शामिल है।

इसके अलावा शाहिद मंजूर, रामगोविन्द चौधरी, लालबिहारी यादव, जावेद अली खान, राजाराम पाल, महबूब अली, जियाउर्रहमान बर्क, देवेश शाक्य, रामआसरे विश्वकर्मा, रमेश प्रजापति, किरनपाल कश्यप, राम औतार सैनी, रेखा वर्मा, त्रिभुवन दत्त, अतुल प्रधान, मिठाईलाल भारती, आबिद रजा, संजय सविता, राजपाल कश्यप, शकील अहमद नदवी और जुगुल किशोर बाल्मीकि को स्टार प्रचारकों की लिस्ट में जगह मिली है।

आजम खान के नाम पर निशाना

लिस्ट में आजम खान का नाम होना सबको चौंका रहा है। हालांकि, जेल में बंद आजम खान इस उपचुनाव में किसी भी तरह से हिस्सा नहीं ले पाएंगे। भाजपा ने लिस्ट में उनका नाम आने के बाद सपा पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के उपचुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारको की सूची जारी की है जिसमें हैरतअंगेज नाम आजम खान का है। आजम खान सजायाफ्ता हैं। चुनाव नहीं लड़ सकते लेकिन उनसे प्रचार करने की मंशा समाजवादी पार्टी की है। जेल में बंद अपराधी माफिया गुंडे बदमाश सपा के साथ न आए तो सपा चुनाव नहीं जीत सकती। त्रिपाठी ने आगे कहा कि इनके मंसूबे धरे रह जाएंगे आजम खान जेल से बाहर नहीं आने वाले। विधवाओं गरीबों मुसलमानों की जमीन कब्जाने वाले आजम खान को सपा सर का ताज मानने से इनकार नहीं कर रही।

अखिलेश के प्रत्याशी

बता दें कि इससे पहले समाजवादी पार्टी ने सभी 9 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया था। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए संदेश दिया था कि इंडिया ब्लॉक एकजुट है और सपा के सिंबल पर ही गठबंधन के सभी प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। अखिलेश ने एक्स पर लिखा था, “कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक बड़ी जीत के लिए एकजुट होकर, कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ी हैं। ‘इंडिया’ (इंडी अलायंस) इस उपचुनाव में, जीत का एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ आने से समाजवादी पार्टी की शक्ति कई गुना बढ़ गई है। इस अभूतपूर्व सहयोग और समर्थन से सभी 9 विधानसभा सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ का एक-एक कार्यकर्ता जीत का संकल्प लेकर नई ऊर्जा से भर गया है। ये देश का संविधान, सौहार्द और पीडीए का मान-सम्मान बचाने का चुनाव है।”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!