महराजगंज: नौतनवा में महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, इलाज के दौरान मौत

खटिया पर टांकर अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस

महराजगंज, नौतनवा (आनन्द श्रीवास्तव ): नौतनवा थाना क्षेत्र के विष्णुपुरी मोहल्ले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 30 वर्षीय महिला ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर खुद पर केरोसीन डालकर आग लगा ली। घटना के पीछे सास तथा ननद के साथ हो रहे लगातार विवाद को वजह बताया जा रहा है, जिससे तंग आकर महिला ने यह गंभीर कदम उठाया। महिला की हालत नाजुक बनी हुई थी, और उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला का अपनी सास तथा नंनद के साथ पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक झगड़ा चल रहा था। रिश्तों में बढ़ते तनाव और लगातार हो रही बहस से महिला मानसिक रूप से परेशान थी। इस कलह से तंग आकर उसने खुद को केरोसीन से आग लगा ली। जैसे ही यह घटना सामने आई, पड़ोसियों और परिवार वालों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही नौतनवा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। पुलिस ने महिला पर लगी आग बुझाई और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हालांकि, विषम परिस्थितियों के चलते महिला को ले जाने के लिए एम्बुलेंस की तत्काल उपलब्धता नहीं हो सकी। इस कठिन परिस्थिति में पुलिस ने अपने कंधों पर खटिया टांगी और उस पर महिला को लिटाकर अस्पताल तक पहुंचाया। पुलिस के इस प्रयास की लोग सराहना कर रहे हैं, क्योंकि समय पर उपचार न मिल पाता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।

 

 

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला की हालत को गंभीर बताया। उसके शरीर का बड़ा हिस्सा जल चुका था, जिससे उसकी जान को खतरा बना हुआ है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे महराजगंज जिला अस्पताल रेफर कर दिया, पुलिस द्वारा महिला को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाने के प्रयासों के बावजूद, उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी हालत पहले से ही काफी गंभीर थी, और कुछ घंटों के इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!